नंगाली की ग्राम सभा में गर्माया पेयजल किल्लत का मुद्दा
ग्रामीणों ने पेयजल लाइन की पाइप बदलने के लिए पारित किया प्रस्ताव
सड़ चुकी पाइपों से हो रही दूषित पानी की आपूर्ति, आंदोलन की दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत नंगाली में ग्राम सभा के दौरान पानी की किल्लत का मुद्दा काफी गर्माया। ग्रामीणों ने पेयजल लाइन की पाइपों को बदलने के लिए प्रस्ताव पारित किया। इसे आईपीएच विभाग को भेजा गया। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग को चेताया गया है कि अगर पंचायत के वार्डों में चल रही पेयजल समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो सभी ग्रामीण खाली बर्तन लेकर अधिशासी अभियंता के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ जाएंगे और तब तक वहां से नहीं हटेंगे, जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो जाता।
ग्रामीणों ने ग्रामसभा में अवगत करवाया कि पंचायत के वार्ड रंगड़ और धार के दर्जनों गांव में लंबे समय से पीने के पानी की किल्लत चल रही है। पेयजल पाइप 15 वर्ष पुरानी हो चुकी हैं। पाइप जगह-जगह से सड़ चुकी हैं। पाइपों में जंग लग चुका है। जंग खा चुकी पाइपों के माध्यम से नलों में लाल रंग का मटमैला पानी पहुंच रहा। जिससे पीने से लोग बीमार हो रहे हैं। इस समस्या के बारे में कई बार आईपीएच विभाग को अवगत करवाया गया। मगर समस्या जस की तस बनी हुई है। इसके समाधान को लेकर विभाग की ओर से कोई कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई है। यही कारण है कि ग्रामीणों को मटमैला पानी पीना पड़ रहा है। ग्राम सभा की अध्यक्षता कर रहे पंचायत प्रधान जोगेंद्र कुमार ने ग्रामीणों की मांग को जायजा ठहराया। उन्होंने ग्रामीणों का साथ देने को हामी भरी। वहीं ग्राम सभा के दौरान सामाजिक अंकेक्षण का बजट पास किया गया। ग्रामसभा में ग्राम पंचायत संसाधन व्यक्ति विनोद शर्मा भी मौजूद रहे।
एसडीओ को भेजा जाएगा मौके पर : राकेश सागर
आईपीएच विभाग के अधिशाषी अभियंता राकेश सागर ने बताया कि संबंधित एसडीओ को पंचायत का मौका करने के लिए भेजा जाएगा। जल्द ही पानी की समस्या का समाधान करवाया जाएगा।