तीसा (चंबा)। चंबा दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विस क्षेत्र तीसा में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले भंजराडू़ बस अड्डे की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि इंटर लॉकिंग टाइलों से बने धरातल वाले इस बस अड्डे में चार बस मार्ग होंगे, एक बुकिंग कार्यालय, एक अड्डा प्रभारी कक्ष, प्रतिक्षालय और शौचालय खंड के अतिरिक्त इसमें व्यवसायिक परिसर भी होगा।
उन्होंने बस अड्डा भंजराडू़ में 1.64 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली तीसा से भूईं सड़क (चरण-1 व 2) की आधारशिला भी रखी। इसके अलावा उन्होंने सुकराली नाले पर 2.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 40 मीटर लंबे सुकराली पुल का लोकार्पण भी किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने जुनस गांव में 1.97 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली संपर्क सड़क, 2.84 करोड़ रुपये से बनने वाली ट्रेला-गुल्ला सड़क (द्वितीय चरण) और 4.15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले ट्रेला से भूरास सड़क (प्रथम, द्वितीय चरण) की आधारशिलाएं रखीं।
जयराम भाजपा की नई पीढ़ी का कर रहे प्रतिनिधित्व : शांता कुमार
सांसद शांता कुमार ने कहा कि जयराम ठाकुर भारतीय जनता पार्टी की नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पांच महीने के जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाले शासनकाल में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पिछले पांच वर्षों के शासनकाल के दौरान सीमावर्ती जिला होने के बावजूद भी चंबा की विकास की दृष्टि से घोर अनदेखी की गई। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार पिछड़े क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
पूर्व कांग्रेस सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन और बगैर सोचे समझे खर्चों के कारण आज प्रदेश कर्ज के बोझ तले डूब गया है। उन्होंने कहा कि वह चंबा जिले में सीमेंट का संयंत्र लगवाने के लिए प्रयासरत हैं। इसके लगने से न केवल क्षेत्र में बेरोजगारी की समस्या कम होगी, बल्कि जिले में समृद्धि के एक नए दौर की भी शुरूआत होगी। उन्होंने सांसद निधि से देहग्रां के विकास के लिए 5 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।
विस उपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के समक्ष रखी मांगें
विधानसभा उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक हंसराज ने मुख्यमंत्री का अपने गृह क्षेत्र में स्वागत करते हुए कहा कि चुराह प्रदेश का एक पिछड़ा विधानसभा क्षेत्र है और यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं होने के बावजूद पूर्व कांग्रेस सरकार ने इसकी अनदेखी की।
उन्होंने विभिन्न विकासात्मक मांगों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, नाचन के विधायक विनोद कुमार, भाजपा संगठन सचिव पवन राणा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष राजाबली, पूर्व विधायक रेणु चड्डा, भाजपा नेता डीएस ठाकुर, उपायुक्त हरिकेश मीणा और पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका सहित अन्य लोग मौजूद रहे।