धरवाला क्षेत्र का मामला, महिला रोज सुबह उठकर दुकानों में बांटतीं हैं अखबार
एक साल पहले जिला कल्याण विभाग के कार्यालय में जमा करवाए थे दस्तावेज
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। प्रदेश सरकार एक तरफ वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने के दावे करती है तो वहीं, दूसरी तरफ एक महिला को पिछले एक साल से सामाजिक सुरक्षा पेंशन की सौगात नहीं मिल पाई है। महिला ने एक साल पहले जिला कल्याण विभाग के कार्यालय में पेंशन संबंधित दस्तावेज जमा करवाए थे लेकिन एक साल का समय बीत जाने के बाद भी महिला को सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं लग पाई है। वर्तमान में महिला खुद के पालन पोषण के लिए अखबार बेच रही हैं। धरवाला बाजार में महिला सुबह उठकर अखबार दुकानों में बांटतीं हैं।
जानकारी के अनुसार बबली देवी पत्नी निक्कू निवासी धरवाला के घर में कमाने वाला कोई नहीं है। जहां पति को पेंशन लगी है तो वहीं, दूसरी तरफ पुत्र दिव्यांग सुरेश कुमार को भी दिव्यांग पेंशन मिल रही है, लेकिन महिला बबली देवी को पेंशन नहीं लग पाई है। महिला ने बताया कि पेंशन से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। दस्तावेज विभाग के कार्यालय में जमा करवाए जा चुके हैं लेकिन अभी तक पेंशन नहीं लगी है। वह गरीब परिसर से संबंध रखती हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द पेंशन लगाई जाए।
चंबा के जिला कल्याण अधिकारी चमन शर्मा ने बताया कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। इसके बारे में जानकारी जुटाई जाएगी और इसके बाद महिला के लिए पेंशन शुरू कर दी जाएगी।