जिले के 516 एसएमसी शिक्षक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर
पूर्व सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग ने प्रतिनियुक्ति पर भेजे अध्यापक
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले के 516 एसएमसी अध्यापक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न इसके लिए अध्यापकों ने हड़ताल पर जाने से पहले शिक्षा विभाग के संबंधित बीईईओ को लिखित में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के बारे में सूचित कर दिया था। बीईईओ की ओर से प्रतिनियुक्ति के आधार पर स्कूलों में शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी गई है। वहीं, एसएमसी अध्यापकों ने साफ किया है कि जब तक उनकी मांग को पूरा नहीं किया जाता है, वे अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखेंगे।
जिला के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आने वाले प्राथमिक और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में वर्ष 2012 से स्कूल प्रबंधन समिति के तहत नियुक्त किए गए अध्यापक सेवाएं दे रहे हैं। स्कूल प्रबंधन समिति शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष हरीश कुमार और अध्यापकों सुरेंद्र कुमार, केवल किशन, जीवन, सुरेश, ध्रुव, चुनी हुसैन, तेज सिंह और रूसली देवी का कहना है कि वे पिछले 13 वर्षों से शिक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में कर्तव्यनिष्ठा से कार्य कर रहे हैं लेकिन, सरकार ने अब तक उनके लिए कोई स्थायी नीति नहीं बनाई है। इससे उन्हें आर्थिक तंगी समेत भविष्य की चिंता सता रही है। कई बार संघ के माध्यम से प्रदेश सरकार और शिक्षा मंत्री के समक्ष एसएमसी अध्यापकों के लिए स्थायी नीति बनाने की मांग की जा चुकी है, बावजूद इसके अभी तक प्रदेश सरकार ने उनकी सुध न ली है। इससे खिन्न होकर अब एसएमसी अध्यापकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। कहा कि यदि सरकार एसएमसी अध्यापकों के लिए अधिसूचना जारी कर कोई सकारात्मक कदम उठाती है तो अध्यापक पहले की तरह ही स्कूलों में सेवाएं देने के लिए उपस्थित हो जाएंगे।
शिक्षा खंड पांगी की बीईईओ जीवो देवी ने बताया कि सात प्राथमिक पाठशालाओं रैई, खज्जियार, हिलुटवान, अजोग, कुमार, मिचम, चलासरी में तैनात एसमएसी अध्यापक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए हैं। इससे पूर्व वे एक आवेदन छोड़ गए हैं। बताया कि एसएमसी शिक्षकों के हड़ताल पर जाने की जानकारी मिलने पर प्रतिनियुक्ति पर अध्यापक स्कूलों में भेज दिए गए हैं।