चंबा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड धर्मशाला के अधिकारियों ने रविवार को चंबा मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने मेडिकल कॉलेज के बायोमेडिकल वेस्ट प्रक्रिया समेत सीवरेज व्यवस्था को पूरी तरह से जांचा। इन दोनों व्यवस्थाओं को लेकर बोर्ड के पास कई शिकायतें पहुंची थी। जब टीम ने इन व्यवस्थाओं को जांचने के लिए मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया, तो कई खामियां भी सामने आईं। इन खामियों को सुधारने के लिए टीम की ओर से मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं। जिससे भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा न दोहराई जा सके।
मेडिकल कॉलेज का बायोमेडिकल वेस्ट कूड़ेदान और खुले में फेंके जाने को लेकर कई बार सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो चुका है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज में सीवरेज व्यवस्था भी ठीक नहीं है। इसकी वजह से बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है। इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक विभाग ने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। टीम की ओर से प्रबंधन के ऊपर अभी तक किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
हालांकि व्यवस्थाएं सुधारने के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान टीम ने मेडिकल कॉलेज के वार्ड में स्थापित मेडिकल वेस्ट मशीनों का भी निरीक्षण किया। वार्ड में तैनात स्टाफ नर्सों ने भी मेडिकल वेस्ट को निष्पादित करने के बारे में जानकारी हासिल की। इसके साथ ही स्टाफ को उचित तरीके से मेडिकल वेस्ट को निष्पादित करने के तरीके बताए। साथ ही इन तरीकों को अपनाने के निर्देश दिए।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड धर्मशाला से मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे डॉ. रमाकांत अवस्थी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के बायोमेडिकल वेस्ट और सीवरेज व्यवस्था को जांचा गया है। जो भी खामियां और कमियां सामने आई हैं, उन्हें सुधारने के लिए प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं।