पार्ट टाइम वर्करों को 15 महीने से नहीं मिला मानदेय
चौगान में आयोजित बैठक में सरकार से लगाई जल्द मानदेय जारी करने की गुहार
भास्कर चंद्रा को चुना गया अध्यक्ष, रवि बने उपाध्यक्ष
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चौगान में पार्ट टाइम वर्कर संघ की बैठक का आयोजन शनिवार को किया गया। इसकी अध्यक्षता संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने की। बैठक के दौरान जिला की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें भास्कर चंद्रा को अध्यक्ष चुना गया। जबकि रवि कुमार को उपाध्यक्ष, योगेश कुमार को सचिव, शुभकरण को कोषाध्यक्ष और अंकुश को सलाहकार बनाया गया है। बैठक के दौरान पार्ट टाइम वर्करों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि पार्ट टाइम वर्करों को 15 महीने से वेतन नहीं मिला है। इसकी वजह से वर्कर काफी परेशान हैं। उनके लिए परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो गया है। बिना वेतन घर में राशन तक खत्म हो रहा है। इसे खरीदने के लिए उनके पास पैसे कम पड़ रहे हैं। जो कर्मचारी किराया के मकान में रहते हैं, उनकी समस्याएं और बढ़ गई हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पार्ट टाइम वर्करों को पंचायत सहायक की तर्ज पर पटवारी सहायक पदनाम सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उनके लिए कोई ठोस नीति बनाई जाए। ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।