चंबा। चंबा-चुवाड़ी मार्ग पर जोत नामक स्थान पर आईपीएच विभाग का हैंडपंप खराब पड़ा है। हैंडपंप के खराब होने से यहां पर रुकने वाले लोगों और पर्यटकों को पानी के अभाव में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पर्यटन स्थल जोत पर रोजाना सैकड़ों पर्यटक आते जाते हैं। इस मार्ग से होकर दूसरे राज्यों से आने वाले पर्यटक भी इसी रास्ते से चंबा की तरफ आते है। मगर जोत में पानी की सुविधा न होने के कारण पर्यटकों और अन्य सवारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कई महीनों से जोत में पीने के पानी का एकमात्र सहारा हैंडपंप ही था। मगर इन दिनों यह भी पूरी तरह से खराब पड़ा है। ऐसे में स्थानीय बाशिंदों ने आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता से चंबा-चुवाड़ी मार्ग पर जोत नामक स्थान पर खराब पड़े हैंडपंप को दुरुस्त करवाने की मांग उठाई है।
स्थानीय निवासी राम सिंह, राजकुमार, संजय कुमार, रोशन लाल, अशोक कुमार, मनोज, किशन चंद और अजय ने बताया कि चुवाड़ी-चंबा मार्ग पर जोत नामक स्थान पर पेयजल आपूर्ति का साधन न होने से पर्यटकों और सवारियों का परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता से मांग कि हैंडपंप को ठीक किया जाए ताकि आने जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।