चंबा। नेपाल निवासी की टीबी बीमारी के चलते रविवार को मौत हो गई। उसकी पहचान तेग बहादुर पुत्र गौरी सुती के रूप में हुई है। वह तीसा में चल रही पन विद्युत परियोजना में निजी कंपनी में कार्यरत था। 21 जुलाई को उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उसे उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज लाया गया।
यहां पर उसकी हालत को देखते हुए टीबी अस्पताल में भर्ती किया गया। मगर रविवार सुबह अचानक उसकी तबीयत खराब हुई और उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी, मगर उसका कोई भी रिश्तेदार उसके साथ नहीं था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह पहुंचाया। साथ ही उसके परिजनों को भी सूचना दी गई। परिजनों के आने पर शव उन्हें सौंपा जाएगा।