चंबा। जिला में दसवीं व जमा की बोर्ड परीक्षाओं में खराब रिजल्ट देने वाले स्कूल प्रभारियों से बुधवार को डाइट सरू में उच्च शिक्षा निदेशालय के संयुक्त निदेशक पंकज शर्मा ने जवाब तलब किया।
इस दौरान कार्यकारी उच्च शिक्षा उपनिदेशक एवं इंस्पेक्शन विंग के उपनिदेशक जलालदीन, इंस्पेक्शन प्रिंसिपल अशोक कुमार, रविंद्र सिंह व संदीप सहगल मौजूद रहे। बैठक में खराब रिजल्ट देने वाले स्कूलों के हेडमास्टर, प्रिंसिपल व संबंधित स्कूलों के स्कूल प्रबंधन समिति पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। जिला में इस बार जहां जमा दो की कक्षा में आठ स्कूलों का रिजल्ट 25 प्रतिशत से कम रहा है। वहीं, 18 हाई स्कूलों में दसवीं कक्षा का रिजल्ट 25 प्रतिशत से नीचे रहा। खराब रिजल्ट देने वाले स्कूलों की सूची में एक निजी स्कूल भी शुमार है।
बैठक के दौरान संयुक्त निदेशक पंकज शर्मा ने समस्त स्कूलों के प्रभारियों से खराब रिजल्ट की वजह जानी। इस दौरान कुछेक स्कूल प्रभारियों ने खराब रिजल्ट के पीछे स्कूल में महत्वपूर्ण विषयों के अध्यापकों के पद रिक्त होना कारण बताया। तो कुछेक स्कूल प्रभारियों ने छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में रुचि न लेना इसका कारण बताया। संयुक्त निदेशक ने इस दौरान खराब रिजल्ट देने वाले स्कूल प्रभारियों को दो टूक कहा कि लगातार खराब रिजल्ट देने वाले स्कूल प्रभारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनकी सर्विस बुक में इसकी एंट्री की जाएगी। साथ ही इन्क्रीमेंट पर भी रोक लगा दी जाएगी। संयुक्त निदेशक पंकज शर्मा ने सभी स्कूल प्रभारियों व शिक्षकों को स्कूल में क्वालिटी एजूकेशन पर जोर देने के निर्देश दिए।
उच्च शिक्षा निदेशालय के संयुक्त निदेशक पंकज शर्मा ने बताया कि वीरवार को खराब रिजल्ट देने वाले स्कूल प्रभारियों के स्कूलों का दौरा किया जाएगा। इस दौरान बच्चों से भी खराब रिजल्ट की वजह जानने के प्रयास किए जाएंगे।