बैकयार्ड पोल्ट्री योजना के तहत 31 रुपये में मिलेगा एक चूजा
पशुपालन विभाग पशुपालकों की मांग के आधार पर करेगा वितरण
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। बैकयार्ड पोल्ट्री योजना के तहत जिले के पशुपालकों को मुर्गी पालन शुरू करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए सुंदरनगर से 4500 चूजों की खेप 10 दिसंबर को चंबा पहुंचेगी। पशुपालन विभाग की ओर से इन्हें इच्छुक पशुपालकों को 31 रुपये प्रति चूजे की दर से वितरित किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में मुर्गी पालन को बढ़ावा देने और परिवारों की आय के अतिरिक्त साधन विकसित करने के उद्देश्य से यह योजना चलाई जा रही है। कम कीमत पर चूजे मिलने से पशुपालक कम लागत में इस व्यवसाय की शुरुआत कर सकेंगे।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. राकेश भंगालिया ने इच्छुक पशुपालकों से समय रहते विभाग के पास अपनी मांग दर्ज करवाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि प्राप्त मांग के आधार पर चूजों का वितरण किया जाएगा। इसलिए योजना का लाभ लेने के इच्छुक पशुपालक निर्धारित समय से पहले अपनी डिमांड विभाग तक पहुंचाएं।