चंबा। जिले में बुधवार को 45 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें ज्यादातर लोग चुराह विधानसभा क्षेत्र से संबंधित हैं। जबकि, कुछ लोग चंबा और आसपास के इलाकों से भी संबंधित हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को जिले के सभी स्वास्थ्य खंडों में लोगों के सैंपल एकत्रित किए थे, जिन्हें जांच के लिए आरटीपीसीआर लैब में भेजा गया था।
बुधवार शाम को जब सैंपलों की जांच रिपोर्ट सामने आई तो उसमें 45 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। उन्हें स्वास्थ्य विभाग ने उनकी सुविधा अनुसार होम आइसोलेट कर दिया है। गंभीर लक्षणों वाले मरीजों को ही कोविड केयर सेंटरों में भर्ती किया जा रहा है। बुधवार को जहां कोरोना के 45 नए मामले सामने आए तो वहीं 42 मरीजों ने कोरोना को मात भी दी है। कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा एक बार फिर से बढ़कर तीन सौ पहुंच गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर कपिल शर्मा ने बताया कि जिले में कोरोना के 45 नए मामले सामने आए हैं। 42 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। कहा कि जिले में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने 2133 लोगों के सैंपल एकत्रित किए हैं, जिनकी रिपोर्ट वीरवार को उनके पास पहुंचेगी।