इमरजेंसी वार्ड में मरीज को समय पर नहीं मिली पेशेंट केयर
मेडिकल कॉलेज में तैनात है 40 कर्मी, इमरजेंसी वार्ड में नहीं थी एक की भी ड्यूटी
एमएस के पास मामला पहुंचने के बाद मिली सुविधा, प्रभारी से जवाब तलब
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में अव्यवस्था मरीजों पर भारी पड़ रही है। वीरवार को ऐसा ही मामला सामने आया जब इमरजेंसी वार्ड में उपचाराधीन मरीज को पेशेंट केयर नहीं मिली। जब मामला चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद शर्मा के पास पहुंचा तो उन्होंने हस्तक्षेप कर मरीज के लिए पेशेंट केयर की ड्यूटी लगाई। इसके साथ ही इस संबंध में इंचार्ज से जवाब तलब किया गया है। इस दौरान सामने आया कि इमरजेंसी वार्ड में किसी भी पेशेंट केयर की ड्यूटी नहीं लगाई गई थी। जबकि इमरजेंसी वार्ड में पेशेंट केयर की तैनाती होना जरूरी है। जानकारी के अनुसार वीरवार को अस्पताल में एक मरीज पहुंचा। उसके सिर और टांगों में चोटें आई थीं। हालांकि चिकित्सीय उपचार के लिए टीम तैनात थी। मगर लापरवाही उस समय सामने आई, जब मरीज को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इमरजेंसी में कोई भी पेशेंट केयर नहीं दिखा। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के ध्यान में जब मामला पहुंचा तो पता चला कि इमरजेंसी में कोई भी पेशेंट केयर तैनात नहीं था। इसको लेकर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मरीज के साथ पेशेंट केयर तैनात किया। मेडिकल कॉलेज चंबा में चालीस पेशेंट केयर की नियुक्ति की गई है। इनका कार्य ऐसे मरीजों की देखभाल करना है जिनके साथ कोई भी तीमारदार नहीं होता है।
इनसेट
चंबा मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद शर्मा का कहना है कि इस बारे जैसे ही सूचना मिली तो पेशेंट केयर की तैनाती मरीज के साथ कर दी गई। उन्होंने कहा कि इंचार्ज से इस संबंध में जवाब-तलब किया गया है।