खज्जियार(चंबा)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला डुगली में शुक्रवार को बच्चों ने खेल-खेल में पढ़ाई करना व अपना सामान्य ज्ञान बढ़ाना सीखा। पाठशाला में डिप्टी डीईओ हमिंद्र सिंह शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे पहुंचे। इस दौरान विद्यालय में तैनात दोनों अध्यापक भी पहुंच चुके थे। प्रार्थना सभा के बाद विद्यालय में कक्षाओं का दौर आरंभ हुआ। इस दौरान डिप्टी डीईओ ने विद्यालय की समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही तैनात अध्यापकों को बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाने, उनका सामान्य ज्ञान बढ़ाने और वार्षिक परीक्षा के संदर्भ में भी तैयारियां आरंभ करवाने बारे निर्देश जारी किए।
गौरतलब हो कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला डुगली में अध्यापकों के तीन पद स्वीकृत होने के बाद भी एक अध्यापक के एक सप्ताह से सेवाएं देने से खिन्न हुए एसएमसी पदाधिकारियों और अभिभावकों द्वारा स्कूल के दरवाजे पर सुबह साढ़े दस बजे वीरवार को ताला जड़ दिया गया था। ताला जड़ने के बाद एसएमसी पदाधिकारियों और अभिभावकों ने प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी। दोपहर के समय जब डिप्टी डीईओ मौके पर पहुंचे तो एसएमसी पदाधिकारियों और अभिभावकों को भी समझाने का उन्होंने प्रयास किया। परंतु वे डीसी चंबा, एसडीएम चंबा और उपनिदेशक के मौके पर आने की बात पर पड़े थे। डिप्टी डीईओ ने लोगों को समझाया कि यहां पर तैनात एक अध्यापक बीआरसी बनने और एक अध्यापक के सेमीनार में डयूटी होने की बात कही। अंतत: डिप्टी डीईओ ने लोगों को समझाया कि सेमीनार में गए अध्यापक को स्कूल भेज दिया जाएगा। साथ ही शुक्रवार को वह स्वयं भी बच्चों को पढ़ाने के लिए विद्यालय में आएंगे।
डिप्टी डीईओ हमिंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को वह स्वयं राप्रापा डुगली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाने के अलावा उनका सामान्य ज्ञान बढ़ाने संबंधी बातें की। जांचा। शुक्रवार से विद्यालय में अब दो अध्यापक नियमित तौर पर अपनी सेवाएं देंगे।