चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में एमबीबीएस का दूसरा सत्र शुरू हो गया है। वर्तमान में 84 प्रशिक्षु एमबीबीएस का कोर्स करेंगे। जबकि सरकार की ओर से चंबा को एमबीबीएस की 100 सीटें दी गई हैं इसमें 16 सीटें खाली बची थी। इन्हें भरने के लिए दोबारा काउंसलिंग प्रक्रिया चल रही है। मंगलवार को काउंसलिंग की आखिरी तारीख थी। चंबा में एमबीबीएस का कोर्स करने के लिए कई छात्रों ने आवेदन किया है। इनकी एडमिशन प्रक्रिया प्रगति पर चल रही है। कुछ दिनों में सभी 100 सीटें भर जाएंगी। पहले सेशन में 100 प्रशिक्षु एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। जबकि दूसरा सत्र शुरू होने से उनकी संख्या 184 हो गई है। जोकि कुछ दिनों में 200 हो जाएगी।
दूसरा सत्र शुरू होने से चंबा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों समेत अन्य स्टाफ के पद भी बढ़ जाएंगे। इनका लाभ आने वाले समय में जिले ही छह लाख आबादी को मिलेगा। जब मेडिकल कॉलेज पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगा। ऐसे में यहां जिलावासियों को चंबा के भीतर ही गंभीर बीमारी का उपचार करवाने की सुविधा मिलेगी। जबकि मौजूदा समय में मरीजों को गंभीर बीमारी का उपचार करवाने के लिए टांडा, शिमला और चंडीगढ़ जाना पड़ रहा है। इसके लिए मरीजों को लंबा सफर तय करना पड़ता है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने एमबीबीएस के दूसरे सत्र को लेकर पहले से तैयारियां कर ली गई हैं। प्रशिक्षुुओं के रहने के हॉस्टल से लेकर खाने के लिए मेस का इंतजाम किया गया है। अगले साल चंबा मेडिकल कॉलेज में तीसरा सत्र शुरू होगा।
एमबीबीएस का दूसरा सत्र शुरू : पुरुषोत्तम पुरी
मेडिकल कॉलेज के कार्यवाह प्राचार्य डॉ. पुरुषोत्तम पुरी ने बताया कि एमबीबीएस का दूसरा सत्र शुरू हो चुका है। शेष 16 सीटों को भरने के लिए काउंसलिंग प्रकिया पूरी हो चुकी है।