चंबा। मेडिकल कॉलेज चंबा में अब रक्तदाताओं को टेबल पर लेटकर रक्तदान नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए ब्लड बैंक में अब डोनर कोच चेयर का इंतजाम कर दिया गया है। इसके साथ ही रक्त के संग्रहण को लेकर भी दो नए फ्रीजर स्थापित कर दिए गए हैं। अमर उजाला ने हाल ही में ब्लड बैंक की खामियों को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद प्रबंधन ने हरकत में आते हुए ब्लड बैंक में दो नए फ्रिजर और डोनर कोच चेयर स्थापित कर दी है।
इससे अब ब्लड बैंक में रक्त का अधिक मात्रा में संग्रहण हो सकेगा। गौरतलब है कि मौजूदा समय में चंबा मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में दो फ्रीजर की सुविधा थी। ऐसे में दो नए फ्रीजर आने से ब्लड बैंक केे पास चार फ्रीजर हो गए हैं।
इसका फायदा जिले की साढ़े पांच लाख की आबादी को होगा। जिले के सभी लोग गंभीर बीमारी का उपचार करवाने के लिए मेडिकल कॉलेज पर निर्भर हैं। अस्पताल में अकसर खून की जरूरत पड़ती है। इसके लिए मरीजों को भटकना पड़ता है। अस्पताल में खून संग्रहण की उचित क्षमता नहीं है। अब नए फ्रीजर आने से रक्त संग्रहण की क्षमता भी बढ़ेगी। इसके साथ ही मरीजों को समय पर अस्पताल में ही खून मिल पाएगा।
ड्रग इंस्पेक्टर ने किया ब्लड बैंक का निरीक्षण
मेडिकल कॉलेज चंबा के ब्लड बैंक का बुधवार को ड्रग इंस्पेक्टर ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ब्लड बैैंक की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर ने ब्लड बैंक में कुछ खामियां भी पाई। उन्होंने कमियों को सुधारने के संबंधित स्टाफ को निर्देश दिए हैं। इसके साथ में हिदायत दी गई कि भविष्य में यह खामियां नहीं सुधारी गई तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
ब्लड बैंक में खामियों को सुधारने के दिए निर्देश : नरेंद्र ठाकुर
ड्रग इंस्पेक्टर नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि उन्होंने ब्लड बैंक का औचक निरीक्षण किया है। इस दौरान कुछ खामियां सामने आई है। इसे सुधारने के लिए संबंधित स्टाफ को कड़े निर्देश दिए गए हैं। खामियों में सुधार को लेकर दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। सुधार नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।