अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिले में होने वाली बारिश और बर्फबारी से लोक निर्माण विभाग और हिमाचल पथ परिवहन निगम को 27 लाख 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, विद्युत बोर्ड के 31 विद्युत ट्रांसफार्मर जल गए हैं। इससे कई क्षेत्र अंधेरे में डूबे हुए हैं। विद्युत बोर्ड प्रबंधन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हुई बिजली की लाईनों को दुरुस्त करने में जुट गया है। लाईनों के दुरूस्त होने के बाद बिजली बहाल हो पाएगी।
बारिश और बर्फबारी से जिले में जन जीवन अस्त-व्यस्त होकर रह गया है। बर्फबारी और बारिश से लोनिवि के मंडल चंबा के अधीन आने वाली कई सड़के जगह-जगह पर मलबा और चट्टानें गिरने से अवरुद्घ हो गई हैं। विभागीय मशीनरी और कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर बुधवार शाम तक करीब-करीब सभी बाधित मार्गों को यातायात के लिए बहाल कर दिया। हिमाचल पथ परिवहन निगम के बुधवार को बीस रूट प्रभावित हुए। इससे निगम प्रबंधन को करीब ढाई लाख की चपत लगी है। विद्युत बोर्ड के चंबा मंडल के अधीन आने वाले तीसा में 20 ट्रांसफार्मर, चंबा में एक और भरमौर सब डिवीजन में 10 ट्रांसफार्मर जले हैं। विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता योगेश शर्मा ने बताया कि बारिश और बर्फबारी के चलते बिजली बोर्ड के 31 ट्रांसफार्मर जले हैं। इससे दर्जनों गांवों में बिजली की सप्लाई भी प्रभावित हुई है।
ये मार्ग हुए थे बाधित
चंबा-खज्जियार, चंबा-जोत, चंबा- तलाई- कूट मार्ग, चंबा-जांधी-लिल्ह, चंबा-जुम्महार-अगाहर मार्ग, चंबा-परेल-कोल्हड़ी मार्ग और चंबा-सराहण मार्ग बारिश और बर्फबारी के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए बाधित हैं।
इन रूटों पर फंसी निगम की बसें
चंबा-तीसा-बैरागढ़, चंबा-सनवाल, चंबा-भरमौर, चंबा-खडामुख मार्ग पर एचआरटीसी की कई बसें फंसी हुई हैं। एचआरटीसी चंबा डिपो के वर्क मैनेजर शुगल कुमार ने बताया कि बुधवार को जिले के करीबन 20 रूट प्रभावित हुए। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जेएस ठाकुर ने बताया कि बारिश और बर्फबारी से एक दर्जन मार्ग बाधित थे। दोपहर बाद करीब-करीब सभी मार्गों को यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया।