जम्मुहार (चंबा)। घरोसन नाला से लुड्डू-उटीप-बाट-बैली-करिया पेयजल योजना का चार माह पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने उद्घाटन किया था। इसके बावजूद चार पंचायतों के लोग इस योजना के लाभ से वंचित हैं। ग्रामीणों को पेयजल योजना होने के बावजूद एक से डेढ़ किलोमीटर दूरस्थ स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से ही पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। वहीं, विभागीय अधिकारी इस बारे में लिखित शिकायत न मिलने की बात कह रहे हैं। पेयजल योजना का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री ने गत अप्रैल में चंबा आगमन पर किया था। पेयजल योजना के आरंभ हो जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली थी। बावजूद इसके आज तक मात्र एक पंचायत के कुछेक गांवों को छोड़ कर शेष चार अन्य पंचायतों लुड्डू, बैली, उटीप और करिया पंचायतों में पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पाई है। ऐसे में लाखों की राशि खर्च कर तैयार की गई पेयजल योजना का ग्रामीणों को लाभ नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों प्रकाश चंद, मनोज कुमार, अजय कुमार, ओमप्रकाश, नंद किशोर, केवल, अजय कुमार आदि का कहना है कि पेयजल योजना का लाभ उन्हें नहीं मिल पाया है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजना का लाभ देने की बात कही है।
योजना से इन गांवों को नहीं मिला लाभ
बाट पंचायत के गांव जम्मुहार, कुणबग, सिटल, उटीप पंचायत के गांव कुम्महारका, पुखरी, भरैणी, पंजेला, पद्दर, कुम्हारूई, कैमली, लुड्डू पंचायत के गांव लुड्डू, भरौठा, मणिक्यार, कोट, बैली पंचायत के गांव छतरेड़ी, घरमाणी इत्यादि गांव शामिल हैं।
नहीं मिली लिखित शिकायत : कपूर
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कपूर ने बताया कि उन्हें इसके बारे में कोई भी लिखित शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी बात है तो इसके बारे में संबंधित फील्ड अधिकारियों से जानकारी हासिल कर ही आगामी कदम उठाए जाएंगे।