सात मतदाता शतकवीर, नव मतदाताओं के लिए बनेंगे प्रेरक
भटियात की 109 वर्षीय आशा देवी सर्वाधिक उम्रद्राज मतदाता
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में कुल 3 लाख 99 हजार 858 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 1 लाख 96 हजार 932 महिला और 2 लाख 2 हजार 926 पुरुष मतदाता शामिल हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों के दृष्टिगत जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि विकास खंड भटियात में कुल 92,395 मतदाता हैं। इनमें 45,955 महिला और 46,440 पुरुष मतदाता हैं। पांगी में कुल 15,201 मतदाताओं में 7,310 महिला तथा 7,891 पुरुष मतदाता हैं। विकास खंड भरमौर में कुल 35,228 मतदाताओं में 16,657 महिला एवं 18,571 पुरुष, चंबा में कुल 61,541 मतदाताओं में 30,541 महिला और 31,000 पुरुष, मैहला में कुल 69,059 मतदाताओं में 33,943 महिला और 35,116 पुरुष, सलूणी में कुल 64,159 मतदाताओं में 31,970 महिला और 32,189 पुरुष व विकास खंड तीसा में कुल 62,275 मतदाताओं में 30,556 महिला एवं 31,719 पुरुष मतदाता पंजीकृत हैं।
1741 मतदाता पहली बार डालेंगे वोट
उपायुक्त ने कहा कि जिले में 18 वर्ष आयु पूरी कर पहली बार मतदाता बने युवाओं की संख्या 1741 है। इनमें भरमौर में 240, भटियात में 315, चंबा में 214, मैहला में 314, पांगी में 56, सलूणी में 310 तथा तीसा में 292 नए मतदाता शामिल हैं। उपायुक्त ने बताया कि जिले में 100 वर्ष से अधिक आयु के कुल 7 वरिष्ठ मतदाता भी लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेने के पात्र हैं। इनमें भटियात विकास खंड की 109 वर्षीय आशा देवी सर्वाधिक उम्रदराज मतदाता हैं।