विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को परामर्श के साथ दीं मुफ्त दवाइयां
विधायक डॉ. जनकराज के प्रयासों से हुआ स्वास्थ्य जांच शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को घर के निकट बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विधायक डॉ. जनक राज ने निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया।
ओपन हैंड्स वेलफेयर सोसायटी व ऋषि अस्पताल इंदौरा के सहयोग से आयोजित शिविर में 360 लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई। उन्हें निशुल्क दवाइयां भी दी गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। विधायक डॉ. जनक राज भी उपस्थित रहे। उन्होंने लोगों से संवाद कर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली।
शिविर में शिरकत करने के बाद विधायक ने बड़ग्राम पंचायत की ग्राम सभा में भी भाग लिया। उन्होंने पंचायत में चल रहे विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन पलानी नाला पुल के कार्य का निरीक्षण भी किया। संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए।