सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत मंजीर के तीन गांव में एक महीने से पेयजल सप्लाई ठप पड़ी है। इसकी वजह से गांव में पानी के लिए हाहाकार मचा है। इस वजह से लोगों को पीने का पानी लंबी दूरी तय करके प्राकृतिक स्रोत से लाना पड़ रहा है। जबकि अन्य कार्यों के लिए लोगों की पानी की जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग को बार-बार समस्या से अवगत करवाने पर भी कोई हल नहीं निकल पा रहा है। इसको लेकर लोगों में भारी रोष है।
पंचायत प्रधान नरेंद्र कुमार, कुंतो देवी, मुस्ताक मोहम्मद, सराज मोहम्मद, नूर मोहम्मद, अशोक कुमार और लक्ष्मण सिंह ने बताया कि कोटा, धनावल और सुकेठी गांव में एक माह से पेयजल सप्लाई बंद पड़ी है। इस वजह से गांव में रहने वाले 80 परिवार पानी की समस्या से जूझ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आईपीएच विभाग ने गांव में पेयजल लाइनें तो बिछाई है। मगर उसमें नियमित रूप से पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। इसकी वजह से लोगों के घरों के नल सूख चुके हैं। एक माह से नलों में पानी की एक बूंद नहीं टपकी है। उन्होंने जिला प्रशासन और आईपीएच विभाग से मांग की कि गांव में बंद पड़ी पेयजल सप्लाई को जल्द बहाल किया जाए। ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जल्द बहाल होगी गांव की पेयजल सप्लाई : हेमंत पुरी
अधिशाषी अभियंता हेमंत पुरी ने बताया कि उनके ध्यान में यह समस्या अभी लाया गया है। जल्द ही गांव की पेयजल सप्लाई बहाल करवाई जाएगी।