बनीखेत (चंबा)। नगर पंचायत बनीखेत स्थित चिनार पैलेस में समग्र शिक्षा के तहत प्री-प्राइमरी कक्षाओं के लिए आया और सहायिका के पदों के लिए आउटसोर्स पर भर्ती प्रक्रिया संपन्न हुई। इसमें बनीखेत ब्लॉक में 65 पदों के लिए 300 महिलाओं ने आवेदन किया और दस्तावेजों की जांच करवाई।
अब चयनित महिला कर्मचारियों को प्री-प्राइमरी कक्षाओं में बच्चों की देखभाल, स्वच्छता, सहयोगात्मक गतिविधियों और शिक्षण वातावरण को बेहतर बनाने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी। वहीं, भटियात उपमंडल के चुवाड़ी में प्रक्रिया शनिवार से शुरू होगी। यहां कुल 70 पदों पर भर्ती होेगी। भर्ती प्रक्रिया डिस्टिल एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित की जा रही है।