सिहुंता (चंबा)। हटली फीडर में तकनीकी खराबी आने से क्षेत्र के 62 ट्रांसफार्मर 12 घंटे तक बंद रहे। इससे 30 से अधिक गांवों में अंधेरा पसरा रहा। क्षेत्र में बुधवार रात 10:00 बजे बिजली गुल हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों ने तकनीकी खराबी को दुरुस्त कर वीरवार सुबह 10:00 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल कर लोगों को राहत प्रदान की।
बुधवार देर रात 10:00 बजे अचानक बकलोह फीड़ी और हटली फीडर में तकनीकी खराबी हो गई। काफी देर तक बिजली सप्लाई बहाल न होने पर ग्रामीणों ने तुरंत विद्युत बोर्ड कर्मियों को फोन करने शुरू कर दिए। उसके बाद बोर्ड के कर्मियों ने बिजली लाइन में आई तकनीकी खराबी को तलाशना आरंभ कर दिया लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई। इसके बाद वीरवार सुबह एक बार फिर विद्युत बोर्ड के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कनिष्ठ अभियंता की अगुवाई में तकनीकी खराबी को तलाशना शुरू किया। उसके बाद कर्मियों ने थकोली के पास तकनीकी खराबी को तलाश कर मरम्मत कार्य आरंभ किया। आखिरकार सुबह 10:00 बजे विद्युत सप्लाई बहाल हो सकी।
विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता रमणीक सिंह ने बताया कि विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी आने से दिक्कत हुई। वीरवार सुबह विद्युत सप्लाई को सुचारु करवा दिया गया है।