चंबा। कार हादसे में रावी नदी में बही शिमला जिला के रोहड़ू के हाटकोटी की प्रशिक्षु डॉक्टर इशिका का बुधवार को भी कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने एनडीआरएफ के तहत भी सर्च ऑपरेशन चलाने की बात कही। जिस पर एनडीआरएफ जवानों को बुलाया। मंगलवार को नूरपुर से एनडीआरएफ के 30 जवानों की टुकड़ी युवती को तलाशने के लिए चंबा पहुंची। इन जवानों ने सुबह 9:00 बजे पुलिस, गृह रक्षक, अग्निशमन की टीम के साथ परेल घार से लेकर तड़ोली के डेढ़ किलोमीटर तक सर्च ऑपरेशन चलाया।
इस दौरान एनएचपीसी चमेरा चरण-प्रथम से गोताखोर भी रावी नदी में संभावित जगहों पर गोते लगाते नजर आए, लेकिन देर शाम तक उन्हें कुछ भी नहीं मिला। अब बुधवार को फिर से लापता प्रशिक्षु को तलाशने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। इस हादसे में एक चिकित्सक की मौत, एक लापता और दो प्रशिक्षु घायल हो गए। उधर, एडीएम चंबा अमित मेहरा ने बताया कि लापता युवती को तलाशने के लिए ड्रोन, दूरबीन और डॉग स्क्वायड की सहायता भी ली जा रही है। उदयपुर, कियाणी पंचायत के 10 से 15 लोगों की टीमें भी युवती की तलाश में जुटीं हुई हैं।