चंबा पुलिस मैदान बारगाह में क्रिकेट मैच के दौरान खिलाड़ी।संवाद
चंबा। पुलिस मैदान बारगाह में चल रही पूर्व मंत्री दिवंगत विद्याधर मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत मंगलवार को एक मैच खेला गया। इस मैच में द्रबला बॉयज की टीम ने साच लीजेंड को 45 रन से शिकस्त दी। प्रतियोगिता स्कोरर दर्शन सिंह चौहान ने बताया कि इस मैच में द्रबला की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 165 रन बनाए,इसमें अक्की ने 49 रन की शानदार पारी खेली और इशांत ने 36 रन बनाए। साच लीजेंड की ओर से अनू ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी साच की टीम 120 रन पर ही सिमट गई। इसमें मीतू ने 38 रन की पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत की दहलीज तक नहीं पहुंचा पाए। द्रबला की ओर से पंकज ने दो विकेट चटकाए। इस जीत के साथ द्रबला बॉयज की टीम ने प्रतियोगिता के दूसरे राउंड में प्रवेश किया।