बिगुल बजते ही नगर निकाय चुनाव को लेकर तेज हुईं सरगर्मियां
गली-चौराहों पर मतदाताओं की नब्ज टटोल रहे भावी उम्मीदवार
बलविंद्र मनकोटिया
चुवाड़ी (चंबा)। नगर निकायों के चुनाव का बिगुल बज चुका है। नगर पंचायत चुवाड़ी में भी चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बार 2872 मतदाता अपने-अपने वार्डाें में पार्षद चुनेंगे। इनमें 1430 पुरुष मतदाता हैं।
दूसरी तरफ 1442 महिला मतदाता हैं। ये पुरुष मतदाताओं से अधिक हैं। सात वार्डाें वाली नगर पंचायत चुवाड़ी में चुनावी चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। भावी उम्मीदवार चौराहों पर बैठकर मतदाताओं की नब्ज टटोल रहे हैं। अभी नामांकन प्रक्रिया भले ही शुरू होने में समय है लेकिन सोशल मीडिया पर भावी उम्मीदवारों ने दावेदारी जता दी है।
गौरतलब है कि नगर पंचायत चुवाड़ी विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की गृह क्षेत्र की पंचायत है। नगर पंचायत के तहत सात वार्ड आते हैं। इनमें त्रिमथ, मलाड़ा, कस्बा चुवाड़ी-1, कस्बा चुवाड़ी-द्वितीय, सुदली, कुठेहड़, मेडिकल कॉलोनी शामिल हैं। आचार संहिता लागू होने के बाद चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं। जीत के लिए उम्मीदवार गोटियां फिट करने में जुटे हैं। संवाद