244 electricity consumers will cut connections
चंबा। शहर और साथ लगते क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं को अब बिजली बिल का भुगतान न करना भारी पड़ने वाला है। बोर्ड की ओर से 244 उपभोक्ताओं को डिफॉल्टर घोषित कर दिया गया है। साथ ही इन उपभोक्ताओं को एक सप्ताह के भीतर बिजली बिल जमा करवाने के आदेश दिए गए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि दी गई मोहलत के भीतर अगर उपभोक्ता बिजली बिल जमा नहीं करवाते हैं तो अस्थायी तौर पर उनके बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
उपभोक्ताओं को दोबारा बिजली कनेक्शन लेने के लिए तमाम औपचारिकताओं को नए सिरे से पूरा करना होगा। इस प्रक्रिया में करीब पांच से छह हजार रुपये की चपत लगेगी। साथ ही 250 रुपये अतिरिक्त शुल्क भी बोर्ड ऐसे उपभोक्ताओं से वसूलेगा। बोर्ड के आदेशों के बाद लापरवाह बिजली उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक नगर परिषद चंबा के ग्यारह वार्डों सहित, भड़ियांकोठी, करियां, लुड्डू और रजेरा आदि क्षेत्र के उपभोक्ता डिफॉल्टर सूची में शामिल हैं। इन उपभोक्ताओं ने पांच माह से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है। इससे इनके पास 14 लाख 87 हजार रुपये बोर्ड के फंस गए हैं।
हालांकि, इसके बारे में बोर्ड ने गत माह नोटिस जारी भी किए थे। बावजूद इसके उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा नहीं करवाया। बहरहाल, अब बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर काटने का निर्णय लिया है। विद्युत उपमंडल चंबा-एक के सहायक अभियंता राज सिंह ठाकुर ने कहा कि 244 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर काटे जाएंगे। बिल जमा करवाने के लिए एक सप्ताह की मोहलत उपभोक्ताओं को दी गई है।