चंबा। दो सालों से मोबाइल नेटवर्क बंद होने की समस्या को लेकर ग्राम पंचायत बलोठ और खुंदेल के ग्रामीण बुधवार को उपायुक्त चंबा हरीकेेश मीणा से मिले। ग्रामीणों ने उपायुक्त को बताया कि मोबाइल नेटवर्क बंद होने से ग्रामीणों को क्या-क्या परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। अशोक कुमार, महालो राम, सोनू राम, परविंद्र, रविंद्र कुमार, रमेश कुमार, सुरेश और नरेश कुमार ने बताया कि उपरोक्त पंचायतों की जनसंख्या तीन हजार से ज्यादा है।
लोग सगे संबंधियों से संपर्क साधने के लिए मोबाइल सेवाओं पर निर्भर हैं। मगर पिछले दो सालों से वहां मोबाइल नेटवर्क बंद पड़ा है। इस कारण ग्रामीण मोबाइल सेवाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। मोबाइल पर बात करने के लिए ग्रामीणों को दस किमी दूर जाना पड़ता है। तब जाकर उनकी मोबाइल पर बात हो पाती है। इतना ही नहीं मोबाइल नेटवर्क न होने से 15 स्कूल, 9 आंगनबाड़ी केंद्र और पटवार सर्कल समेत राशन के डिपो में ऑनलाइन कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
इन पंचायतों में जियो और रिलायंस के टावर लगे हैं। मगर अभी तक इन टावरों को चालू नहीं किया गया है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि उपरोक्त पंचायतों में मोबाइल नेटवर्क सेवाओं को सुचारु करवाया जाए।