चंबा। राज्य बिजली बोर्ड ने बुधवार को अपने पेंशनरों को जानो कार्यक्रम के तहत बचत भवन में कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला का मकसद बिजली बोर्ड के पेंशनरों की समस्याओं को जानकर उनका मौके पर हल करना था। बिजली बोर्ड के मुख्य लेखा अधिकारी गुलशन अग्रवाल ने बताया कि इस मौके पर पेंशनरों ने 30 विभिन्न मामले प्रस्तुत किए गए। इसमें 15 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। उन्होंने कहा कि वह मामले जिनका निपटारा बिजली बोर्ड के शीर्ष प्रबंधन स्तर पर होना है, उन्हें वहां प्रस्तुत किया जाएगा ताकि उनका भी समाधान हो सके। उन्होंने बताया कि बिजली बोर्ड में ई पेंशन और ई लाइफ जैसी सुविधाएं शुरू करने को लेकर कदम उठाए जा रहे हैं।
इससे प्रदेश के कोने-कोने में रहने वाले बिजली बोर्ड पेंशनरों को पेंशन संबंधी समस्याओं को लेकर बोर्ड के कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने होंगे। इस दिशा में बिजली बोर्ड कार्य कर रहा है और जल्द ही इसे व्यावहारिक रूप दिया जाने वाला है। इस दौरान एचआईडी डिविजन में मंडलीय लेखाकार के पद पर नियुक्ति की मांग भी उठाई गई। राज्य विद्युत परिषद पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन जिला चंबा के प्रधान सोहन कुमार शर्मा ने कार्यशाला में भाग लेने वालों का स्वागत किया और बिजली बोर्ड की महत्वपूर्ण पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यशाला से पेंशनरों को समस्याएं बिजली बोर्ड के अधिकारियों के समक्ष रखने और उनका निपटारा करवाने का अवसर मिला है। इस मौके पर राज्य विद्युत परिषद पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव मुकेश बेदी के अलावा बिजली बोर्ड के वरिष्ठ लेखाधिकारी दिशांत वर्मा, अधीक्षण अभियंता बिजली बोर्ड जतिन रैणा, अधिशासी अभियंता चंबा योगेश शर्मा, अधिशासी अभियंता डलहौजी राजीव कुमार, अधिशासी अभियंता एचआईडी सुरेंद्र कुमार समेत बिजली बोर्ड के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।