भरमौर (चंबा)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग चंबा-भरमौर पर मंगलवार सुबह डेढ़ घंटे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बाधित रही। इस वजह से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, मार्ग के बाधित होने की सूचना मिलते ही एनएच प्राधिकरण की मशीनरी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
कड़ी मशक्कत से डेढ़ घंटे के भीतर चंबा-भरमौर मार्ग पर यातायात व्यवस्था को बहाल हो पाई। हालांकि इस दौरान मार्ग के दोनो ओर वाहनों की कतारें लगी रही। मार्ग बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय उच्च मार्ग चंबा-भरमौर पर लूणा के समीप मंगलवार सुबह सात बजे मलबा और चट्टानें गिरने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही के लिए बाधित हो गया। वाहनों की आवाजाही थमने से वाहन चालकों और भरमौर की तरफ निकलने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण के सहायक अभियंता वीर सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह लूणा की समीप मलबा और चट्टानें गिरने से मार्ग अवरुद्घ हो गया था। इसे डेढ़ घंटे बाद यातायात के लिए सुचारु करवा दिया गया है।