अमर उजाला ब्यूरो
सुरंगाणी (चंबा)। भले ही प्रदेश सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करवाने के दावे करती हो लेकिन उपमंडल चुराह के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कल्हेल पिछले कई सालों से स्टाफ की कमी से जूझ रहा है। इसके चलते स्थानीय लोगों को उपचार के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे कई बार स्वास्थ्य विभाग से मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक रिक्त पदों को नहीं भरा गया है। वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों ने नेतागणों पर भी अनदेखी करने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय नेतागण बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने की घोषणाएं तो करते हैं लेकिन जैसे ही जीत चुनाव जीत जाते हैैैैं तो सभी वादे भूल जाते हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्तमान में एक ही चिकित्सक तैनात है जबकि अन्य स्टाफ के पद रिक्त हैं। कई बार तैनात चिकित्सक के छुट्टी पर जाने से स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं ठप पड़ जाती हैं या फिर डेपुटेशन के सहारे चलाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि इसके बारे में वे कई बार स्वास्थ्य विभाग से मांग कर चुके हैं लेकिन हर बार कोरे आश्वासनों के सिवा कुछ हाथ नहीं लगा है।
ग्रामीणों े लेख राज, केश कुमार, जगदीश कुमार, मान सिंह, राजू, दिनेश कुमार, ज्ञान सिंह, देवकी देवी, मुहणी देवी, अशोक कुमार, चंपा देवी, ठाकुर दास आदि का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं की कमी के चलते उन्हें निजी क्लीनिकों को रुख करना पड़ रहा है। इससे लोगों को काफी खर्च उठाना पड़ रहा है। लोगों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की तैनाती की जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाईडी शर्मा ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में लाया गया है। उन्होंने कहा कि इसके बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द सरकार रिक्त पदों को भरेगी।