अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चुराह उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बघेईगढ़ में अध्यापकों सहित अन्य स्टाफ की कमी के चलते स्कूली विद्यार्थी कक्षाओं का बहिष्कार कर सामूहिक हड़ताल पर चले गए हैं। विद्यार्थियों ने साफ किया है कि जब तक स्कूल में स्टाफ की तैनाती नहीं की जाती है, कक्षाओं का बहिष्कार जारी रहेगा। गौरतलब है कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बघेईगढ़ में करीब ढाई सौ विद्यार्थी शिक्षा हासिल कर रहे हैं। स्कूल में वर्तमान समय में टीजीटी मेडिकल, आर्ट्स, भाषा अध्यापक, कला अध्यापक, इतिहास, हिंदी, कंप्यूटर शिक्षक, क्लर्क सहित आठ पद खाली चल रहे हैं। अध्यापकों के पद खाली होने के बारे में कई बार एसएमसी ने शिक्षा विभाग को सूचित किया है। बावजूद इसके अभी तक रिक्त पदों को नहीं भरा जा सका है।
स्कूल में चल रही अध्यापकों की कमी को लेकर बीते दो दिन से बच्चों ने मिड डे मील का बहिष्कार कर दिया। इस दौरान किसी भी बच्चे ने स्कूल में बनने वाले मिड डे मील को नहीं खाया। साथ ही दो दिन से अब बच्चों ने अपनी कक्षाओं का भी बहिष्कार कर दिया है। बच्चे इसी बात पर अड़े हैं कि जब तक विद्यालय में अध्यापकों के पदों भरा नहीं जाता है, तब तक वे कक्षाओं में नहीं जाएंगे।
अभिभावकों ने दी आंदोलन में कूदने की चेतावनी
अभिभावकों चमन सिंह, हरी सिंह, ब्यासदेव, केतकी देवी, लोकी नंद का कहना है कि विद्यालय में लंबे समय से अध्यापकों के पद खाली पड़े हुए हैं। ऐसे में बच्चों के भविष्य को देखा जाए तो बच्चों द्वारा कक्षाओं का बहिष्कार किए जाने का निर्णय सही है। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ती है तो वे भी अपने बच्चों के साथ उनके आंदोलन में शामिल होंगे।
एसएमसी प्रधान दिलराम डोगरा ने बताया कि विद्यालय में रिक्त पदों के बारे में शिक्षा विभाग को सूचित किया गया है। वह बच्चों को मनाने के लिए गए थे लेकिन बच्चों ने कक्षाओं में आने से मना कर दिया है। बच्चे अध्यापकों के पद भरे जाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
कार्यवाहक उच्च शिक्षा उपनिदेशक अशोक धीमान ने बताया कि विद्यालय में रिक्त पदों के बारे में संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य की ओर से उन्हें सूचना दी गई थी। बहरहाल, इसके बारे में आला अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।