अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। दुकानों के किराये की अदायगी न करने वाले 50 दुकानदारों पर नगर परिषद चंबा ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नगर परिषद चंबा ने ऐसे डिफॉल्टरों को नोटिस जारी कर 31 दिसंबर तक बकाया किराया जमा करवाने की मोहलत दी है। नगर परिषद ने नोटिस के माध्यम से साफ किया है कि जो दुकानदार दुकानों का किराया नहीं देंगे उसकी दुकान का बिजली कनेक्शन काट दी जाएगी। ऐसे में लंबे समय से किराये की अदायगी न करने वाले डिफॉल्टर दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।
चंबा शहर के 50 दुुकानदारों ने नगर परिषद के 28 लाख रुपये पर कुंडली मार रखी है। ये दुकानदार लंबे समय से दुकानों का किराया जमा नहीं करवा रहे हैं। इसके चलते नप को दुुकानदारों से 28 लाख रुपये किराया वसूल करना है। मगर इसे भरने में दुकानदार आनाकानी कर रहे हैं। दुुकानदारों से किराया वसूल करने के लिए नगर परिषद ने सभी डिफॉल्टरों को नोटिस कर 31 दिसंबर का समय दिया गया है। इस समयावधि में लंबित किराया न चुकता करने वाले दुकानदारों की दुकानों के बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इसके उपंरात दुकानदार को नया बिजली का कनेक्शन लगवाने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
विज्ञापन
नगर परिषद चंबा के अंतर्गत शहर में कुल 498 दुकानदार पंजीकृत हैं। इनमें से पचास दुकानदार ऐसे हैं जोकि लंबे समय से दुकानों का किराया नहीं दे रहे हैं। किराया जमा करवाने के लिए उन्हें कई बार नोटिस भी भेजे गए है। मगर दुकानदारों ने किराया जमा करवाना जरूरी नहीं समझा। इस बार नगर परिषद इन दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है।
कोट्स
पचास दुकानदारों को भेजे नोटिस : नीलम नैयर
नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि किराया न देने वाले 50 दुकानदारों को नोटिस भेजे गए हैं। इन दुकानदारों को लंबित बिल जमा करवाने के लिए 31 दिसंबर का समय दिया गया है। इसके बाद उनके बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे।