अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
जनहित संगठन चंबा की ओर से जिला के पिछडे़पन समेत नए बस अड्डे का असुरक्षित जगह निर्माण की शिकायतों का पीएमओ ने कड़ा संज्ञान लिया है। पीएमओ की ओर से प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर जिलावासियों की मांगों और समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जनहित संगठन के संयोजक डॉ. शादीलाल शर्मा, प्रधान किशोर शर्मा और सदस्य विजय शर्मा और सरदार भगत सिंह ने बताया कि अप्रैल में जिला की ज्वलंत समस्याओं और मांगों के निपटारे के अलावा रावी के किनारे असुरक्षित जगह नए बस अड्डे के निर्माण की शिकायत प्रधानमंत्री को भेजी थी।
इस शिकायत पत्र पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने सकारात्मक रुख दिखाया है। पीएमओ की ओर से मुख्य सचिव को पत्र में उल्लेखित मांगों व समस्याओं के निपटारे को लेकर सकारात्मक कार्रवाई कर लोगों को राहत देने के आदेश दिए गए हैं।
इस संदर्भ में उठाए कदमों की जानकारी पीएमओ को देने की बात भी कही गई है। इसके लिए संगठन के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट किया है। उन्होंने साथ ही परेल में रावी पर करोड़ों की लागत से निर्मित पुल के ध्वस्त होने की जांच के लिए हाई पावर कमेटी गठित करने की मांग भी की है। उन्होंने पुल निर्माण करने वाले ठेकेदार के खिलाफ भी कार्रवाई मांगी है।