भरमौर (चंबा)। स्थानीय प्रशासन पवित्र मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाएगा। इस बार यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शौचालय की कमी नहीं खलेगी। भरमौर प्रशासन हड़सर से लेकर डल झील के बीच अलग-अलग पड़ावों पर फैब्रिकेटेड शौचालयों का निर्माण करवाएगा। दो करोड़ खर्च कर बनने वाले फैब्रिकेटेड शौचालयों से श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी। इसके लिए बाकायदा टेंडर आमंत्रित कर अब अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद टेंडर आवंटित करवाकर यात्रा आरंभ होने से पहले ही इस कार्य को पूरा करवाने का लक्ष्य है।
विश्व प्रसिद्ध पवित्र मणिमहेश यात्रा पर हर वर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु देश के कोने-कोने से भाेले बाबा के दर्शन करने के लिए पवित्र डल झील पर पहुंचते हैं। इस बार पवित्र मणिमहेश यात्रा 15 अगस्त से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेगी। पूर्व वर्ष आयोजित यात्रा के दौरान रहने वाली खामियों को दूर करने के लिए अब भरमौर प्रशासन ने कमर कस ली है। 2024 की मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शौचालय की दरकार से परेशानियों से दो-चार होना पड़ा। अब प्रशासन ने विभिन्न खामियों को दूर करने का निर्णय लिया है।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुलबीर सिंह राणा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बीते वर्ष जो खामियां यात्रा के दौरान सामने आई थीं, उन्हें दूर करने का प्रयास आरंभ कर दिया है।