चुराह (चंबा)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जरूरत के समय परिवारों के लिए संबल साबित हो रही है। इसका ताजा उदाहरण चुराह उपमंडल के गांव धन्नाली, डाकघर नकरोड़ में देखने को मिला।
योजना के तहत खेम राज के निधन के बाद उनके परिवार को दो लाख रुपये की बीमा राशि दी गई। खेम राज ने हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा नकरोड़ के माध्यम से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा करवाया था। इसके लिए उन्होंने मात्र 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम जमा किया था। उनके आकस्मिक निधन के बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। कठिन समय में योजना के तहत मिली दो लाख रुपये की सहायता राशि परिवार के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई। रुखो देवी पत्नी खेम राज ने हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा नकरोड़ के शाखा प्रबंधक प्रवीण कुमार एवं बैंक स्टाफ का आभार व्यक्त किया। संवाद