अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। विकास खंड चंबा के तहत ग्राम पंचायत द्रड्डा में पेड़ से गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चंबा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाया। साथ ही सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान प्रकाश चंद (50) पुत्र भगत राम गांव परिहवार डाकघर द्रड्डा तहसील और जिला चंबा के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि प्रकाश चंद घर के समीप ही पशुओं को चारा काटने लाने के लिए पेड़ पर चढ़ा था। इस दौरान अचानक उसका पांव फिसल गया, जिसके चलते वह जमीन पर गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने प्रकाश को उठाया और परिजनों को सूचना दी। प्रकाश को चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां तैनात चिकित्सकों ने प्रकाश चंद को मृतक घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चंबा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इसके बारे में पुलिस को सूचना मिली थी। शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। धारा 174 के तहत कार्रवाई की जा रही है।