अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिला मुख्यालय में करीब सात साल बाद बर्फबारी का दौर शुरू हुआ। बर्फबारी के बाद लोगों में काफी उत्साह देेेखा गया। वहीं दूसरी तरफ प्रशासन ने भी आदेश जारी करते हुए सभी स्कूल प्रभारियों को स्कूल बंद कर नौनिहालों को सुरक्षित भेजने के निर्देश जारी किए। बर्फबारी के बाद समूचा जिला प्रचंड ठंड की चपेट में आ गया है। शहर के कुछ मोहल्लों में भी बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बर्फबारी का दौर दोपहर बाद मुख्यालय में शुरू हो गया। हालांकि इस दौरान बर्फ जमीं नहीं। बर्फबारी शुरू होते ही जहां लोग अपने गंतव्यों की ओर रुख करने लगे तो वहीं दूसरी तरफ प्रशासन ने भी स्कूली नौनिहालों को छुट्टी कर दी। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार मौसम खराब है। सोमवार को जहां पूरा दिन बारिश मुख्यालय में रही तो वहीं मंगलवार को दोपहर बाद बर्फ के फाहे गिरना शुरू हो गए। गौरतलब है कि वर्ष 2012 में मुख्यालय में बर्फबारी हुई थी। प्रशासन ने पर्यटकों व आम लोगों से आह्वान किया है कि वह बर्फबारी के दौरान घरों से बाहर न निकलें।
इनसेट
एडीसी चंबा हेमराज वैरभा ने बताया कि मंगलवार को बर्फबारी के कारण स्कूलों में छुट्टी की गई है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि बर्फबारी के दौरान घरों से बाहर न निकलें। उन्होंने कहा कि आगामी निर्देश जल्द ही जारी कर दिए जाएंगे।