पांगी (चंबा)। पांगी पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की वार्षिक बैठक संघ के अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई। इसका आयोजन पांगी मुख्यालय किलाड़ में हुआ। इसमें पेंशन भोगियों ने प्रदेश सरकार से मांग उठाई है कि जिन पेंशनरों की आयु 65,70 व 75 वर्ष हो चुकी है, उनकी 5,10 तथा 15 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन को मूल पेंशन में शामिल किया जाए, पेंशन भोगियों का चिकित्सा भत्ता 400 रुपये से बढ़ाकर 500 किया जाए। इसके अलावा एसोसिएशन ने किलाड़ से कुल्लू के लिए नियमित बस सेवा तुरंत आरंभ करने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि घाटी के लोगों को कुल्लू पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। किलाड़ से चंबा के लिए भी शीघ्र अतिशीघ्र बस सेवा आरंभ की जाए, एसबीआई किलाड़ में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से काउंटर पर पर्ची लगाई जाए। बैठक में करीब 120 पेंशनरों ने भाग लिया। इसमें अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान, मुख्य सलाहकार चुनी लाल ठाकुर, महासचिव नेक चंद शर्मा, कोषाध्यक्ष बृज लाल ठाकुर, उपाध्यक्ष गौरी दास जगवान और अमर नाथ शर्मा मौजूद रहे।