चंबा। राजकीय उच्च पाठशाला रान में टीजीटी नॉन मेडिकल और टीजीटी आर्ट्स का पद खाली पड़ा है। विद्यालय में शिक्षकों के पद खाली होने की सूरत में यहां पढ़ाई करने वाले बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि विद्यालय में बीते डेढ़ वर्ष से यह पद खाली चल रहे हैं। इस बारे में कई बार ग्रामीण जिला प्रशासन और संबंधित विभाग को अवगत करवा चुके हैं। बावजूद इसके अभी तक खाली पदों को भरा नहीं जा सका है।
इसके तहत मंगलवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को उपायुक्त हरिकेश मीणा से मिला। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई समाजसेवी मनोज कुमार ने की। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि स्कूल में खाली चल रहे अध्यापकों के पदों को भरा जाए। ताकि स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं को दिक्कत न पेश आए। प्रतिनिधिमंडल में शामिल स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, देवेंद्र चौणा, राकेश कुमार और अशोक कुमार ने बताया कि पाठशाला ग्राम पंचायत सराहन के तहत आती है। मगर स्कूल में पिछले काफी समय से शिक्षकों के पद खाली चल रहे हैं।
वर्तमान में स्कूल में टीजीटी नॉन मेडिकल और टीजीटी आर्ट्स का पद खाली है। इसके चलते स्कूली छात्र-छात्राओं को उचित शिक्षा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने बताया कि डेढ़ साल से इस मामले को वह प्रशासन और विभाग के ध्यान में ला रहे हैं। मगर अभी तक स्कूल में स्टाफ के पदों को भरा नहीं गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जल्द रिक्त पदों को भरा जाए। ताकि स्कूली छात्र-छात्राओं को भरपूर शिक्षा मिल सके।