साहो (चंबा)।
कास खंड मैहला की सभी पंचायतों में प्रदेश यूनिवर्सल हेल्थ प्रोटेक्शन स्कीम के तहत स्मार्ट कार्ड (हेल्थ कार्ड) बनाए जाएंगे। इस संदर्भ में विकास खंड अधिकारी रमेश कुमार ने पहले चरण में पंजीकरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। विकास खंड कार्यालय की ओर से प्रथम चरण में दस पंचायतों में पंजीकरण का कार्य शुरू करने का निर्णय लिया गया है। पंजीकरण के बाद स्मार्ट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कार्ड बनाने से पहले सभी ग्रामीणों को पंजीकरण करवाना होगा। इसके लिए ब्लॉक की हर पंचायतों के लिए दो दिन का समय निर्धारित किया गया है। पंजीकरण के लिए परिवार के सभी सदस्यों को आना होगा। यह कार्ड एपीएल और बीपीएल दोनों परिवारों के बनाए जाएंगे। ब्लॉक कार्यालय की ओर से इस बारे में पंचायत प्रतिनिधियों को भी सूचित कर दिया गया है। पंचायत प्रतिनिधि अपने स्तर पर लोगों तक जानकारी पहुंचाएं। पंजीकरण करवाने के लिए लोगों को आधार कार्ड, राशन कार्ड व चार सौ रुपये की फीस (जो कंपनी चार्ज है) ली जाएगी।
15 जनवरी से 24 तक बनेंगे स्मार्ट कार्ड
15 से 16 जनवरी उटीप और बाट, 17 से 18 जनवरी सराहन और कीड़ी, 19 से बीस जनवरी करियां व लुड्डू, 21 से 22 जनवरी मैहला व रजेरा, 23 जनवरी से 24 जनवरी जांघी व बैली रहेगा। योजना के तहत अस्पताल में दाखिल होने पर तीस हजार से 1.75 लाख रुपये और कैंसर रोगियों को 2.25 लाख रुपये मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। पंजीकरण के दस दिनों बाद स्मार्ट कार्ड बनवाने का कार्य शुरू किया जाएगा। स्मार्ट कार्ड बनवाने वाले दिन परिवार के सभी सदस्यों का भाग लेना अनिवार्य रहेगा।
विकास खंड अधिकारी मैहला रमेश कुमार ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि खंड की सभी पंचायतों में हेल्थ कार्ड बनाए जाएंगे। इसके लिए पहले चरण में दस पंचायतों में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इन पंचायतों में 15 जनवरी से 24 जनवरी तक पंजीकरण का कार्य चलेगा। पंजीकरण के दस दिनों बाद स्मार्ट बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।