अमर उजाला ब्यूरो
किहार (चंबा)। किहार सेक्टर में चुनाव होने के बाद भी आधा दर्जन सड़कों के कार्य शुरू नहीं हो पाएं हैं। इन सड़कों के कार्य ठेकेदारों को भी आवंटित हो चुके हैं। बावजूद इसके अभी तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू न होने से लोगों में रोष है। ग्रामीणों ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता से प्राथमिकता के आधार पर अधर में लटके पड़े सड़कों के कार्यों को शुरू करवाने की मांग उठाई है।
गौरतलब हो कि किहार सेक्टर के अधीन आने वाले मेडा-घटडू-जखरालव पुल, संदरा-सौंठा-भसूआ और भिड से लाहरोग सड़कों के कार्य विस चुनावों के बाद से लेकर अभी तक शुरू नहीं हो पाए हैं। ऐसे में सड़क सुविधा से जुड़ने की आस लगाए बैठे ग्रामीण खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
जानकारी अनुसार मेडा-घटडू-जखराल तक 13 किलोमीटर सड़क और एक पुल का निर्माण होना हे। सड़क और पुल का निर्माण होने से सूरी और किलोड़ पंचायतें आपस में जुड़ जाएंगी। इसके अलावा करीब दस किलोमीटर संदरा-सौंठा-भसूआ सड़क का निर्माण कार्य भी अधर में ही लटका है। वहीं, डेढ़ किलोमीटर बनने वाले संपर्क मार्ग भिंड से लाहरोग का उद्घाटन हो चुका है। इसके अलावा संबंधित ठेकेदार ने कुछ काम भी करवाया है। चुनावों से यकायक काम बंद करवा दिया गया है। जोकि, अभी तक दोबारा शुरू नहीं हो पाया है। इस कारण क्षेत्र की कई पंचायतें अभी तक सड़क सुविधा से कोसों दूर हैं। ग्रामीण रफीक मोहम्मद, मोहम्मद सदीक, रमजान मोहम्मद, जर्म सिंह, मान सिंह, अशोक कुमार, रमेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, तुलाराम, मोहम्मद बेग, मेहबूब खान, शाह मोहम्मद, बेग मोहम्मद और अशरफ का कहना है कि उक्त सड़कों का निर्माण होने से चार पंचायतों की दस हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता से प्राथमिकता के आधार पर सड़क निर्माण के कार्य आरंभ करवाए जाने की मांग उठाई है।