चंबा-तीसा मार्ग पर कॉलोनी मोड के पास दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी।संवाद
चुराह (चंबा)। चंबा-तीसा मार्ग पर कॉलोनी मोड़ के पास सोमवार को लावारिस पशु से टकराने पर स्कूटी सवार युवती की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार वैष्णवी (19) पुत्री अनिल छावड़ा निवासी तीसा स्कूटी से तेइस की ओर जा रही थी। दोपहर लगभग 12:00 बजे कॉलोनी मोड़ के समीप एक पशु सड़क के बीच में आ गया और युवती की स्कूटी उससे टकरा गई। इसके बाद युवती सड़क से नीचे दूसरे मार्ग पर स्कूटी समेत जा गिरी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कॉलोनी मोड़ का यह स्थान ब्लैक स्पॉट बन चुका है और क्रैश बैरियर की कमी, उचित संकेतों का अभाव आदि कारणों से पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। प्रशासन से इस स्थान की सुरक्षा और सुधार करने को लेकर कदम उठाने की मांग की है। उधर, एसपी चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि सड़क हादसे में युवती की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।