राज्य स्तरीय युवा महोत्सव
में छाए जिला के कलाकार
पांच ट्रॉफियाें पर कब्जा, पारंपरिक वाद्य यंत्र में हासिल किया पहला स्थान
शास्त्रीय गायन, बांसुरी वादन और कथक नृत्य में द्वितीय और एकांकी में तृतीय स्थान पर रहे
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से आयोजित 35वें राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में जिला चंबा ने पांच ट्रॉफियां अपने नाम की हैं। पारंपरिक वाद्य यंत्र में जहां जिले के कलाकारों ने प्रथम स्थान अर्जित किया गया है, वहीं, शास्त्रीय गायन, बांसुरी वादन और कथक नृत्य में द्वितीय और एकांकी में तृतीय स्थान हासिल किया है। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में प्रथम स्थान पर रहे पारंपरिक वाद्य यंत्र के कलाकारों का चयन राष्ट्रीय युवा महोत्सव के लिए हुआ है।
राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन कुल्लू में 8 से लेकर 10 दिसंबर तक किया गया। सांसद राम स्वरूप शर्मा ने राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रदेश के 12 जिलों के कलाकारों ने पारंपरिक वाद्ययंत्र, शास्त्रीय गायन, बांसुरी वादन, कथक नृत्य और एकांकी में भाग लिया। महोत्सव में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर जिले के नाम पांच ट्रॉफिया रही हैं। पारंपरिक वाद्ययंत्र में सरस्वती संगीत अकादमी चंबा के कलाकारों अशोक कुमार, ललित, अंकुर डालिया, आशीष कुमार, हिमांशु शर्मा, बंटी आर्य, अभिनव चौधरी, जमित भारद्वाज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शास्त्रीय गायन में शुभम ठाकुर ने द्वितीय स्थान, बांसुरी वादन में बंटी आर्या ने द्वितीय स्थान, कथक नृत्य में दिव्या महाजन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जबकि, एकांकी में अभिनय कला केंद्र चीम्मा के कलाकारों ने निदेशक संजय पारखी की देेखरेख में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सरस्वती संगीत अकादमी चंबा की प्रधानाचार्य सीमा भारद्वाज ने बताया कि कुल्लू में आयोजित 35वें राज्यस्तरीय युवा महोत्सव में चंबा के कलाकारों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कहा कि सरस्वती संगीत अकादमी के कलाकारों ने पारंपरिक वाद्ययंत्र प्रतियोगिता में पहली मर्तबा हिस्सा लिया। कलाकारों की मेहनत का ही फल है कि पारंपरिक वाद्ययंत्र प्रतियोगिता में पहला स्थान अर्जित करते हुए अब वे वर्ष 2019 में गोवा में होने वाली राष्ट्रीय उत्सव में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
ये कलाकार राष्ट्रीय उत्सव में देंगे प्रस्तुति
पारंपरिक वाद्ययंत्र प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित कलाकारों में अशोक कुमार, ललित, अंकुर डालिया, आशीष कुमार, हिमांशु शर्मा, बंटी आर्या व अभिनव चौधरी,जमित भारद्वाज शामिल हैं।