जिला में 13 खनन पट्टों की नीलामी करवाएगा विभाग
नदी नालों से रेत निकालने के लिए सरकार देगी अनुमति
खनन विभाग 21 दिसंबर को करेगा पट्टों की नीलामी
लोगों को गृह निर्माण के लिए सस्ती दरों पर उपलब्ध होगी रेत-बजरी
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। खनन विभाग जिले के 13 खनन पट्टों की नीलामी करवाएगा। खनन पट्टों की नीलामी करने का मुख्य मकसद सरकार की ओर से जिले के नदी-नालों से रेत निकालने के लिए विभागीय अनुमति प्रदान करवाना है। ऐसे में लोगों को आने वाले समय में सस्ती दरों पर गृह निर्माण के लिए आसानी से रेत-बजरी उपलब्ध हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि खनन विभाग की ओर वसे जिले के रावी नदी के मुख्य पट्टे को छोड़ कर शेष अन्य 13 खनन पट्टों की नीलामी की जाएगी। विधानसभा क्षेत्र भटियात के तहत आते आठ खनन पट्टे, विस क्षेत्र पांगी में तीन खनन पट्टे, विस क्षेत्र भरमौर और विस क्षेत्र डलहौजी में एक-एक खनन पट्टा नीलाम किया जा रहा है। खनन विभाग की ओर से नीलामी के लिए 21 दिसंबर का दिन निर्धारित किया गया है। सूत्रों का कहना है कि जिले के नदी-नालों में अवैध खनन होने से सरकार और खनन विभाग को लाखों का चूना लग रहा है। हालांकि, अपने स्तर पर खनन विभाग और पुलिस महकमा अवैध खननकारियों पर अंकुश लगाने के लिए उचित पग बढ़ा रहा है, लेकिन अवैध खनन कारियों की ओर से नदी-नालों का सीना छलनी कर सुबह और रात के समय ही रेत-बजरी को ठिकाने लगाया जा रहा था। इस संबंध में जिला खनन अधिकारी ज्योति पुरी ने बताया कि जिले के 13 नदी-नालों के खनन पट्टों की नीलामी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय चंबा में 21 दिसंबर को नीलामी का दिन निर्धारित किया गया है।