जहर खाने से महिला की मौत, ससुराल
पक्ष पर हत्या की साजिश का आरोप
चुराह के सुकरेठी गांव की घटना, पुलिस जांच में जुटी
सास ससुर के खिलाफ 306 के तहत दर्ज किया केस
मृतका के पिता का आरोप, सास ससुर ने जबरदस्ती पिलाया जहर
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चुराह विधानसभा क्षेत्र के सुकरेठी गांव में एक महिला की जहर खाने से मौत हो गई। पुलिस में मृतका के पिता के सास ससुर के खिलाफ हत्या की साजिश रचने की शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मृतका के सास ससुर के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। शनिवार को पुलिस की टीम महिला के सास ससुर को गिरफ्तार करने उनके गांव में जाएगी। क्योंकि मृतका के मायका पक्ष ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप भी लगाया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका को वीरवार शाम को बेसुध हालत में उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। अस्पताल में जब पुलिस की टीम पहुंची तो ससुराल वालों ने पुलिस को बयान दिया कि महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतका के मायके वालों को भी अस्पताल में बुलाया। जहां पर उनके सामने मृतका का पोस्टमार्टम किया गया। साथ ही मृतका पिता का बयान दर्ज किया। इसमें पिता ने अपनी बेटी की मौत के पीछे उसके सास ससुर की साजिश बताई। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी बिना किसी कारण जहर क्यों निगलेगी। उसके सास ससुर अकसर उसे प्रताड़ित करते थे। ऐसे में जरूर उन्होंने ही उसे जबरदस्ती जहर पिलाया होगा, इसलिए मामले की जांच होनी चाहिए। पिता के बयान पर पुलिस ने मृतका के सास ससुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इनसेट
पुलिस गंभीरता से कर रही मामले की जांच : डॉ. मोनिका
पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मोनिका ने बताया कि चुराह के सुकरेठी गांव में एक महिला की जहर खाने से मौत हुई है। मायका पक्ष के बयान पर ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की तफ्तीश पूरी होने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा होगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।