लाइव रिपोर्ट-परीक्षा पर चर्चा
बच्चों ने ध्यान से सुना पीएम का संबोधन
जिले के स्कूलों में कहीं टीवी तो कहीं रेडियो से सुने प्रधानमंत्री के टिप्स
परीक्षा पर चर्चा को लेकर कुछ स्कूल नहीं कर पाएं टेलीविजन की व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विद्यार्थियों से परीक्षा तनाव कम करने को लेकर संबोधन शुक्रवार 11:45 पर शुरू हुआ। इसके लिए अधिकतर स्कूलों में तैयारियां बेहतरीन रहीं। राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा में दो जगहों पर प्रधानमंत्री का संबोधन बच्चों तक पहुंचाया। इसके अलावा राजकीय कन्या बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में भी बच्चों को सीधा प्रसारण दिखाया गया। राजकीय उच्च पाठशाला पक्काटाला में स्कूली के बच्चों ने प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन सुना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुम्हारका, राजकीय माध्यमिक पाठशाला कसाकड़ा में भी स्कूली बच्चों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुनकर परीक्षा से होने वाले तनाव से बचने के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल की। हालांकि ज्यादातर स्कूलों में प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने के लिए बेहतर इंतजाम किए गए थे। मगर जिले के कुछ स्कूलों में व्यवस्था बेहतर नहीं रही। यहां एक ओर जहां प्रेक्टिल की तैयारियों के चलते स्कूली बच्चों ने भाषण नहीं सुना तो वहीं कुछ छात्र-छात्राएं स्कूल परिसर में ही घूमते रहे। हालांकि अध्यापक बच्चों को कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान करते दिखे। गौरतलब है कि बिजली गुल होने की स्थिति पर रेडियो से संबोधन सुनाने के निर्देश विभाग ने दिए थे। मगर शुक्रवार को बिजली व्यवस्था बेहतर रही। ऐसे में कुछ स्कूलों में वैकल्पिक व्यवस्था को ही मुख्यरूप दे दिया। ऐसे में टीवी की व्यवस्था नहीं होने पर रेडियो से ही प्रधानमंत्री का संबोधन बच्चों को सुनाया गया।
प्रधानमंत्री के संबोधन से अच्छा लगा ऱ् विक्रांत
स्कूली छात्र विक्रांत कुमार का कहना है कि परीक्षाओं का तनाव अकसर रहता है। मगर प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन सुनकर थोड़ा आरामदायक महसूस कर रहे हैं। बकौल विक्रांत वह परीक्षा की तैयारियों के लिए खूब मेहनत करेंगे।
नई राह दिखाएंगे पीएम के टिप्स ऱ् राजबीर
पहली बार परीक्षाओं के संदर्भ में इस तरह का संबोधन सुनने को मिला है। जो स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए नई राह दिखाएगा। उनके मुताबिक परीक्षा से पहले इस तरह की बातचीत बच्चों के लिए लाभप्रद रहती है।
प्रधानमंत्री के बताए तरीकों से करूंगा तैयारियां ऱ् विकास
स्कूली छात्र विकास कुमार का कहना है कि प्रधानमंत्री का संबोधन सुनकर अच्छा लगा। उनके बताए तरीकों से अब वह परीक्षाओं की तैयारी करेंगे और पढ़ाई में आगे रहने का प्रयास करेंगे।
विद्यार्थियों को मिला नया आत्मविश्वास ऱ् सुरजीत
स्कूली छात्र सुरजीत कुमार का कहना है कि परीक्षाओं के शुरू होने से पहले छात्र-छात्राएं तनाव में रहते हैं। इस तरह की बातचीत से छात्र-छात्राओं को नया आत्मविश्वास मिलता है। इस तरह के संबोधन आगे भी होने चाहिए।