एसडीएम ऑफिस चंबा में नामांकन जमा करवाता प्रत्याशी।
- फोटो : Chamba
डलहौजी/चुवाड़ी(चंबा)। नगर निकाय चुनावों को लेकर दूसरे चरण में नगर परिषद चंबा से 18, नप डलहौजी से 26 और नगर पंचायत चुवाड़ी से 11 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। नामांकन पत्र भरने के लिए आने वाले प्रत्याशी सादे तौर पर गिने-चुने समर्थकों के साथ पहुंचे। कोविड को लेकर जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी प्रत्याशियों ने अपने पर्चे भरे।
बता दें कि नगर परिषद डलहौजी में नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन 26 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरा। पहले दिन दो उम्मीदवारों ने ही यहां से आवेदन किया था। ऐसे में यह आंकड़ा अब 28 पहुंच गया है। इसके अलावा नगर पंचायत चुवाड़ी में दूसरे दिन 11 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे, जबकि इससे पहले मात्र एक ही नामांकन आया था। ऐेसे में यहां उम्मीदवारों की संख्या 12 पहुंच गई। इसके अलावा नगर परिषद चंबा में अब तक 34 उम्मीदवारों ने नामांकन भर दिए हैं। हालांकि अभी तक सोमवार को अंतिम दिन रहेगा। गौरतलब है कि नगर परिषद और नगर पंचायतों में दस जनवरी को मतदान होगा।
नगर पंचायत चुवाड़ी से चुनावों के लिए शनिवार को वार्ड नंबर एक से एक, तीन से दो, वार्ड चार से तीन, वार्ड पांच से तीन, वार्ड छह और सात से एक-एक नामांकन पत्र भरे गए। बता दें कि नगर निकाय चुनाव दस जनवरी को होंगे। इसके तहत अब सोमवार को तृतीय चरण के तहत शेष प्रत्याशी भी चुनाव के लिए अपने पर्चे भरेंगे।