चांजू (चंबा)। उपमंडल तीसा के तहत पंचायतें चांजू और देहरा में 24 घंटे ब्लैक आउट रहा। मंगलवार सुबह गुल हुई बिजली बुधवार सुबह बहाल ही हो पाई है। इस वजह से 24 घंटे तक ग्रामीणों को अंधेरे में रहना पड़ा।
गर्मी से बचने के लिए लोग पंखों सहित अन्य बिजली उपकरणों का इस्तेमाल नहीं कर पाए। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। इस दौरान चांजू के नगोडी, पनिहरका, वुसानका, कौंडा, पथवाल देहरा पंचायत के मैहला, अडेरी, जंतरोली, करडोगा, शुमरा गिलोटी, खुडयाली, देहरा, कलपेही, कुंडा, मोरा, दंतूई, उलहा, शुडोता और शुकेड गांव में बिजली गुल रही।
ग्रामीण चेतराम, सूरज, मयंक, हंसराज, राजेश कुमार, सुरेंद्र, अजय कुमार, जितेंद्र, रवि कुमार और भानू प्रताप ने बताया कि चांजू और देहरा में नौ ट्रांसफार्मर लगे हैं। जबकि एक ही लाइनमैन है। इसके चलते अगर कहीं तकनीकी खराबी आती है, इसे ठीक करने में समस्या आती है।
स्थानीय ग्रामीणों ने विभाग और सरकार से मांग की कि यहां पर एक और लाइनमैन कि नियुक्ति की जाए, ताकि लोगों को बिजली की दिक्कत नहीं आए। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता गोपाल सिंह ने बताया कि खराब मौसम के चलते लाइन में खराबी आई। इसे ठीक करने में काफी समस्या आ रही है। अब बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।