चांजू (चंबा)। ग्राम पंचायत दियोला के आठ गांव दस दिन से अंधेरे में डूबे हैं। इसके बावजूद अभी तक बिजली बोर्ड ने समस्या का समाधान नहीं किया है। हालत यह है कि बिजली न होने से स्कूली बच्चों सहित गृहणियों के लिए कामकाज निपटाना मुश्किल हो गया है। सूचना के मुताबिक क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने से यह समस्या सामने आई है। बावजूद इसके अभी तक बिजली बोर्ड औपचारिकताएं पूरी करने में लगा है। दस दिन से बिजली आपूर्ति ठप होने से क्षेत्र के लोगों का जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। बिजली न होने से लोगों के मोबाइल फोन से लेकर अन्य सभी उपकरण पूरी तरह से बंद हो गए है। इस वजह से किसी से भी संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।
बच्चों को दीये की रोशनी में पढ़ाई करनी पड़ रही है। स्थानीय निवासी गोपाल सिंह, ध्यान सिंह, गनपत, लोकी नंद, गुरो देवी, कमली देवी, डैम चंद, दिनेश कुमार, रविंद्र कुमार और सुरेश ने बताया कि दियोला पंचायत के कुंडोलू, गरोड, उपरट, चंदोडी, गदयोग, झडैरा, बडोता और दिलरोता गांव दस दिनों से अंधेरे में डूबे हैं। इस वजह से करीब 70 परिवार बिना बिजली से परेशान हैं। स्कूली बच्चों को रात के समय पढ़ाई करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन और बिजली बोर्ड से मांग की कि उपरोक्त गांव में दस दिनों से बंद बिजली सप्लाई को जल्द बहाल किया जाए।
जल्द स्थापित किया जाएगा नया ट्रांसफार्मर : कनिष्ठ अभियंता
बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता गोपाल सिंह ने बताया कि उपरोक्त गांव को बिजली सप्लाई देने वाला ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। नए ट्रांसफार्मर के लिए अधिशाषी अभियंता को अवगत करवा दिया है। जल्द ही नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया जाएगा। इसके बाद बिजली की समस्या का समाधान हो जाएगा।