गैर पंजीकृत होटलों में पर्यटक ठहराने वालों पर होगी कार्रवाई
एसडीएम डलहौजी की अगुआई में संयुक्त विभागीय टीम ने किया होटलों का निरीक्षण
पर्यटन नगरी डलहौजी में चल रहे हैं 150 के करीब हैं होटल
संयुक्त टीम होटलों में दबिश देकर तैयार करेगी बिना पंजीकृत होटलों की फेहरिस्त
अमर उजाला ब्यूरो
डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी डलहौजी में गैर पंजीकृत होटलों, पंजीकृत कमरों के बजाय अधिक कमरों में होटल व्यवसाय करने वाले होटल व्यवसायियों पर जल्द ही गाज गिर सकती है। डलहौजी प्रशासन की ओर से इस संदर्भ में अपने स्तर पर फेहरिस्त तैयार करवाई जा रही है। इतना ही नहीं, यह रिपोर्ट 31 मार्च से पहले डलहौजी प्रशासन की ओर से जिलाधीश चंबा के सम्मुख प्रस्तुत की जाएगी। डलहौजी प्रशासन के निर्देशानुसार विभिन्न विभागीय अधिकारियों की ओर से बाकायदा इन निर्देशों के तहत होटलों में दबिश भी दी जा रही है। विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम की ओर से होटलों में दी जा रही दबिश से होटलों को पंजीकृत न करवाने वाले व्यवसायियों में हड़कंप है।
गौरतलब हो कि पर्यटन नगरी डलहौजी को प्रकृति ने मनमोहक वादियों से नवाजा है। प्रकृति के नजारों का लुत्फ लेने के लिए बाहरी राज्यों सहित आसपास के जिलों से भारी तादाद में पर्यटकों का जमावड़ा वर्ष भर पर्यटन नगरी डलहौजी में लगा रहता है। पर्यटकों के डलहौजी में रुकने के लिए पर्यटन नगरी डलहौजी में अमूमन 150 के करीब होटल हैं। बावजूद इसके डलहौजी में कुछ होटल गैर पंजीकृत भी हैं। इतना ही नहीं, कुछ होटल मालिकों की ओर से तो होटलों में क्षमता से अधिक कमरों का निर्माण करवा कर इन्हें किराये पर देकर खूब मुनाफा कमाया जा रहा है। होटल व्यवसायियों की ओर से इस प्रकार अधिक लाभ कमाने के चक्कर में प्रशासन और विभिन्न विभागों को चूना भी लगाया जा रहा है। ऐसे होटल व्यवसायियों पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन ने यह मुहिम शुरू की है। जिलाधीश चंबा की ओर से एसडीएम डलहौजी और नप डलहौजी को गैर पंजीकृत होटलों और पंजीकृत कमरों के बजाय अधिक कमरों में होटल व्यवसाय करने वाले होटल व्यवसायियों से संबंधी रिपोर्ट तैयार कर 31 मार्च से पहले उनके सम्मुख प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिलाधीश चंबा के निर्देशों के बाद डलहौजी प्रशासन ने इस संदर्भ में फेहरिस्त भी तैयार करनी आरंभ कर दी है। इसी क्रम में एसडीएम डलहौजी की अगुआई में नप डलहौजी की कार्यकारी अधिकारी, प्रदूषण बोर्ड, टाउन कंट्री प्लानिंग, पर्यटन अधिकारी की ओर से संयुक्त रूप से डलहौजी में होटलों का निरीक्षण कर रिकार्ड खंगाला गया। एसडीएम डलहौजी की अगुआई में विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम की दबिश से बिना पंजीकरण होटल चलाने वाले व्यवसायिओं में खौफ है।
बिना पंजीकृत होटलों और पंजीकृत से अधिक कमरों को किराये पर देने वाले होटल व्यवसायियों की फेहरिस्त तैयार की जा रही है। 31 मार्च को डीसी चंबा के सम्मुख इस फेहरिस्त को प्रस्तुत किया जाएगा। - मुरारी लाल एसडीएम डलहौजी